Farrukhabad News : मंगलवार की रात जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज-अचरा मार्ग पर एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि लुधईया पावर हाउस के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। इस दौरान ई-रिक्शा चालक ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। हादसे को देख आसपास राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। गंभीर रूप से घायल ई रिक्शा चालक को वहां मौजूद लोगों ने आनन फानन में एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर डॉक्टर जितेंद्र बहादुर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाता था धर्मेंद्र
मृतक युवक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवरईमठ निवासी नरेश राजपूत के 40 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंची पत्नी अंजू समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है वहीं परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मंगलवार रात वह ई-रिक्शा लेकर गांव लौट रहा था। इसी दौरान लुधईया पावर हाउस के पास एक तेज ट्रैक्टर ने उसके ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और धर्मेंद्र ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। हादसे की सूचना पर दरोगा अरविंद यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
वहीं आपको बता दें कि मृतक धर्मेंद्र के एक 15 वर्षीय बेटा उत्तम और तीन बेटियां सूबी (12), वैष्णवी (10) और दिव्यांशी (9) हैं। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। धर्मेंद्र दो बहनों का इकलौता भाई भी था। ग्रामीणों ने बताया कि वह पहले पेंटर का काम करता था। करीब दो साल पहले उसने जमीन बेचकर ई-रिक्शा खरीदा था और इससे परिवार की आजीविका चलाने लगा था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने ट्रैक्टर पकड़कर पुलिस को सौंपा
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वहां से जाने लगा। ट्रैक्टर पर पराली लदी हुई थी। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इधर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


























