फर्रुखाबाद : पूर्व विधायक पंडित विमल प्रसाद तिवारी की 21वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और मार्ग का हुआ भव्य उद्घाटन

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में पंडित विमल प्रसाद तिवारी स्मृति संस्थान के तत्वावधान में पूर्व विधायक स्व. पंडित विमल प्रसाद तिवारी की 21वीं पुण्यतिथि बड़े ही सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस कार्यक्रम में कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा वत्सला अग्रवाल और राष्ट्रीय कवि शिवओम अंबर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वैभव सोमवंशी ने किया, जिसमें शहर के तमाम गणमान्य नागरिक और बुद्धिजीवी शामिल हुए।

मार्ग का नामकरण और प्रमोद चंद्र मिश्र सम्मान से नवाजी गईं प्राध्यापिका

कार्यक्रम से पहले सुबह नगर पालिका अध्यक्षा वत्सला अग्रवाल ने स्टेट बैंक रोड से नीवाचुअत तिराहे तक के मार्ग का नामकरण ‘पं. विमल प्रसाद तिवारी मार्ग’ के रूप में कर उसका भव्य उद्घाटन किया। इसके बाद बद्री विशाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राध्यापिका श्रीमती रश्मी प्रियदर्शिनी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘प्रमोद चंद्र मिश्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया, जिसमें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और नकद राशि भेंट की गई।

विशिष्ट चिकित्सकों व सभासदों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान समाज सेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए नगर के तीन प्रतिष्ठित चिकित्सकों—डॉ. हरिदत्त द्विवेदी, डॉ. गौरव दीक्षित और डॉ. प्रभात कुमार गुप्ता को ‘स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान’ से नवाजा गया। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद, फर्रुखाबाद के सभी सम्मानित सभासदों को उनके सक्रिय कार्यों के लिए ‘कर्मयोगी सम्मान’ प्रदान किया गया। अतिथियों का स्वागत संस्था के स्वागत अध्यक्ष श्री अखिलेश चंद्र अग्निहोत्री ने माल्यार्पण कर किया।

राज्य मंत्री सुरेश राही ने किया स्व. तिवारी के व्यक्तित्व को नमन

संबोधन के दौरान राज्य मंत्री श्री सुरेश राही ने स्व. विमल प्रसाद तिवारी के साथ अपने पारिवारिक संबंधों को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व को हिमालय की तरह ऊँचाइयों से भरा बताया। राष्ट्रीय कवि शिवओम अंबर ने भी उनके जीवन से जुड़े कई संस्मरण साझा किए। अंत में राज्य मंत्री श्री सुरेश राही स्व. तिवारी के आवास पर पहुंचे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें