Farrukhabad News : दीपावली के पावन पर्व के नजदीक आते ही मुनाफेखोरों द्वारा आतिशबाजी का अवैध जखीरा जुटाने का खेल शुरू हो चुका है। बता दें कि जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर पुलिस को अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने पर औचक छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखे बरामद किए गए।
38 कार्टन में छिपाकर रखे गए थे बारूदी पटाखे
थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के मद्देनजर क्षेत्र में विस्फोटक पदार्थों के अवैध भंडारण की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस सफल छापेमारी के दौरान मौके से कुल 38 छोटे-बड़े कार्टन आतिशबाजी पकड़ी गई। इसमें बारूदी पटाखे, फुलझड़ियां, चकरी और स्काई शॉट जैसी तमाम आतिशबाजी शामिल थीं, जिन्हें सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर छिपाया गया था।
पूछताछ में सामने आया मुनाफाखोरी का काला सच
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि दीपावली के त्योहार पर भारी मुनाफा कमाने की चाहत से यह सब किया गया था। इन लोगों ने पहले से ही कम दामों में आतिशबाजी खरीदकर गुप्त रूप से भंडारित कर ली थी, ताकि त्यौहार के समय महंगे दामों पर बेचकर अवैध कमाई की जा सके। इस मामले में संजीत, गौरव कुमार, रोहित कुमार और संदीप कुमार समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।


























