Farrukhabad News : मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ यात्रा निकाली गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लिखी तख्तियां लेकर पैदल मार्च किया।

भोलेपुर से शुरू हुआ पैदल मार्च
सुबह करीब 11 बजे भोलेपुर ओवरब्रिज के नीचे सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में “एक कचौड़ी दो समोसा, ज्ञानू तेरा क्या भरोसा”, “राजा की जान तोते में”, “गली-गली में शोर है, ज्ञानेश चोर है”, “चुनाव आयोग मुर्दाबाद”, “वोट चोर गद्दी छोड़” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं। इसके बाद जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए जेएनवी तिराहे स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे।

आंबेडकर प्रतिमा के सामने जताया विरोध
जेएनवी तिराहे पर पहुंचने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया। पार्टी नेताओं ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध जताने का माध्यम बताया। कार्यक्रम के दौरान मतदान के अधिकार से जुड़े संविधान के अनुच्छेद 326 को पढ़कर भी सुनाया गया।
जिलाध्यक्ष ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष होना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच निष्पक्ष दिखाई देना भी जरूरी है। उनके अनुसार, चुनाव व्यवस्था को लेकर लोगों के मन में किसी तरह का संदेह नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली लगातार संदेहास्पद रही है और पार्टी शुरू से ही इसपर सवाल उठती रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार संविधान का उल्लंघन कर रहे है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एसआईआर के जरिए लोगों के वोट काटे जा रहे है।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन
सपा की ओर से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। आंबेडकर प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन के बाद कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। सपा नेताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर अपनी मांग जनता तक पहुंचाना है।

यात्रा के दौरान मौजूद रहे
बता दें कि यात्रा के दौरान उर्मिला राजपूत, अजीत कठेरिया, नदीम अहमद फारुकी, इलियास मंसूरी, सर्वेश अंबेडकर, राशिद जमाल सिद्दीकी, मनोज मिश्रा, डॉ. जेपी वर्मा, सरल दुबे, हरीश कुमार यादव, शिवम पटेल, अजीत यादव, सौरभ कटियार, के के यादव, पुष्पेंद्र यादव, उदय प्रताप सिंह भोला, नरेंद्र सिंह यादव, पवन कठेरिया, सलाउद्दीन पहलवान, जितेंद्र यादव सिरौली, साजिद अली, विकास गुप्ता, रजत क्रांतिकारी, विवेक यादव, राजन यादव, शिवम यादव, विमल यादव, रामपाल सिंह यादव, शिव शंकर शर्मा, अरविंद कश्यप, कमल हसन, माजिद अली, सुलक्षणा सिंह, नवरंग सिंह यादव, ओमप्रकाश शर्मा, प्रभात यादव, अमित यादव, शशांक सक्सेना, मुजाहिद अंसारी, रोमित सक्सेना, आनन्द यादव, मनोज यादव, बिल्लू श्रीवास्तव, आफाक अली, रवि यादव, इरफान खां, अंश दुबे, विनय यादव, संजय यादव, रुकमंगल सिंह यादव, नवाब सिंह यादव, शाहरुख खान, नागेंद्र यादव, अंशुल यादव, हनी यादव, गौरव यादव, अजय यादव आदि पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























