जनपद फर्रूखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव हरकरनपुर में मंगलवार-बुधवार की रात किसी पहर अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। पहली घटना गांव निवासी नीरेश के घर पर हुई। पीड़िता ममता के अनुसार, रात के समय परिवार के सभी सदस्य आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले हिस्से में दीवार पर दो जगहों पर सेंध लगा दी और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने अलमारी और बक्से खंगालकर उसमें रखे कीमती जेवरात व नकदी पार कर दिए।
सुबह उठने पर बिखरा मिला सामान, दूसरे घर में विफल रहा प्रयास
बुधवार सुबह लगभग 5 बजे जब परिवार के सदस्य सोकर उठे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। इसके अलावा, चोरों ने गांव के ही रमेश चंद्र के मकान को भी निशाना बनाने की कोशिश की। चोरों ने पीछे की दीवार में आड़ा लगाकर घुसने का प्रयास किया, लेकिन ऊंची नींव और घर के सदस्यों की आहट व हलचल के कारण चोर घबराकर मौके से भाग निकले।

मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज से जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलते ही अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























