गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका महिला की पहचान अजय कुमार की 26 वर्षीय पत्नी क्रांति के रूप में हुई। बताया जा रहा है गुरुवार सुबह क्रांति की तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद उसका पति अजय कुमार उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से शव को मोर्चरी में रखवा दिया और पुलिस को सूचना दी गई।

10 महीने पहले ही हुई थी शादी, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
बेटी की मौत की सूचना पर जनपद उन्नाव से पहुंचे मायके पक्ष के लोगों का बेटी का शव देखकर रो रो कर बुरा हाल है। इधर मृतका के पिता कृष्ण कुमार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 10 महीने पहले अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर बेटी की शादी की थी। पिता का आरोप है कि अजय ने फोन पर सिर्फ पेट दर्द की बात कही थी, लेकिन यहां आने पर बेटी का शव मिला। उन्होंने दावा किया कि क्रांति के गले पर चोट के निशान हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि उसकी हत्या की गई है।

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मायके पक्ष की तरफ तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















