फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 8 साल की बच्ची के साथ उसके ही रिश्ते के दादा अशोक वर्मा ने घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बच्ची को पैसे का लालच देकर खेत में बनी झोपड़ी में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
खेत में घेराबंदी : पुलिस को देखते ही आरोपी ने झोंकी फायरिंग
पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी अशोक राजीपुर-जरारी मार्ग पर उग्रापुर गांव के पास एक खेत में छिपा है। इंस्पेक्टर ललित कुमार के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस मुठभेड़ में एक गोली सिपाही लोकेंद्र के हाथ को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई : पुलिस की गोली से ढेर हुआ आरोपी का हौसला
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीधे आरोपी अशोक वर्मा के दाहिने पैर में लगी। गोली लगते ही आरोपी जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल सिपाही और आरोपी दोनों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
अकेला रहता था आरोपी : पत्नी की मौत के बाद बना था हैवान
जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक की पत्नी की साल 2021 में बीमारी के कारण मौत हो गई थी। तब से वह गांव के बाहर खेत में झोपड़ी डालकर अकेला रहता था। स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, वह गांव में किसी से ज्यादा मतलब नहीं रखता था और उसका व्यवहार काफी बदला हुआ था।


















