जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज की ‘साहसी बालिका’ संस्था की सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक सराहनीय कार्य किया। गांठ चिलौली स्थित प्रसिद्ध गमा देवी मंदिर परिसर में संस्था की युवतियों ने भव्य सफाई अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर के कोने-कोने को साफ कर श्रद्धा और स्वच्छता का संगम पेश किया गया।

श्रद्धा के बाद न फैले गंदगी, बेटियों ने दिया संदेश
दरअसल, दुर्गा पूजा की नवमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में जगह-जगह पॉलिथीन, फूल-पत्तियां और प्रसाद के रूप में पूरी, हलवा, खीर आदि बिखरा हुआ था। धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण और स्वच्छता का ध्यान रखते हुए इन बालिकाओं ने पूरे परिसर को स्वच्छ किया, ताकि मंदिर की पवित्रता और सुंदरता बनी रहे।

इन ‘स्वच्छता दूतों’ ने निभाया अपना फर्ज
इस अभियान में संस्था की सक्रिय सदस्य खुशबू मिश्रा और शिल्की मिश्रा के नेतृत्व में संजना, गरिमा, दिव्या, अंजू और चांदनी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन बेटियों की मेहनत और लगन को देखकर स्थानीय लोगों ने भी उनकी सराहना की। संस्था का उद्देश्य केवल मंदिर साफ करना नहीं, बल्कि आम जनता के बीच ‘स्वच्छता की अलख’ जगाना है ताकि लोग सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को गंदा न करें।


















