फर्रुखाबाद : कायमगंज मंडी सचिव ने पकड़ी बिना प्रपत्रों के तंबाकू से लड़ी डीसीएम, वसूला 18,480 रुपए का जुर्माना

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में अवैध कृषि उत्पाद के अवैध कारोबार के खिलाफ मंडी समिति ने अपना अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान मंडी प्रशासन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। मंडी सचिव ने बिना मंडी शुल्क (टैक्स) चुकाए ले जाई जा रही तंबाकू से लदी एक पिकअप गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ लिया। नियमों की अनदेखी करने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए गाड़ी पर 18,480 रुपए का भारी जुर्माना ठोक दिया है।

बदायूं सीमा पर घेराबंदी : चेकिंग के दौरान धरी गई पिकअप

मंडी सचिव शैलेंद्र वर्मा अपनी टीम के साथ मंगलवार को क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान कंपिल-अटैना मार्ग पर बदायूं सीमा की तरफ से एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी की घेराबंदी की और उसे रुकवा लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर भारी मात्रा में तंबाकू के बोरे भरे मिले। अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

कागजों की हेराफेरी पड़ी भारी : चालक ब्रजभान पर हुई कार्रवाई

मौके पर मौजूद टीम ने चालक ब्रजभान से माल से संबंधित वैध दस्तावेज और मंडी शुल्क भुगतान की रसीद मांगी। चालक न तो कोई जरूरी कागजात पेश कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। नियमों के उल्लंघन के आरोप में सचिव ने तुरंत वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और उसे नवीन मंडी स्थल भिजवा दिया। मंडी सचिव शैलेंद्र वर्मा ने स्पष्ट किया कि जुर्माना और मंडी शुल्क के रूप में कुल 18,480 रुपए की धनराशि सरकारी कोष में जमा करा ली गई है।

मंडी सचिव की खुली चेतावनी : सख्त रहेगी निगरानी

इस कार्रवाई के बाद मंडी सचिव ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि राजस्व की चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना मंडी शुल्क चुकाए माल का परिवहन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई और सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें