जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां इटावा-बरेली हाईवे के किनारे नेकपुर पुल के पास एक गड्ढे में नवजात शिशु का शव पड़ा मिला। पुल से महज 100 मीटर की दूरी पर शव मिलने की खबर जैसे ही स्थानीय लोगों को लगी, मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस ने कब्जे में लिया शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

दोषियों की तलाश में जुटी पुलिस
फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि नवजात को वहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय इनपुट के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।


















