जनपद फर्रुखाबाद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में गांव ज्ञानपुर निवासी 32 वर्षीय गोविंद अपने खेतों से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोविंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद गोविंद की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुँचते ही चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर के मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक गोविंद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी माता निम्मा देवी और पत्नी मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गोविंद के परिवार में दो बेटे और दो बेटियाँ हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। बताया जा रहा है कि गोविंद मेहनत-मज़दूरी और खेती-किसानी के साथ-साथ राजमिस्त्री का काम भी करते थे, ताकि अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। इस घटना के बाद से पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है।


















