फर्रुखाबाद : पुलिस ने मुर्दे पर भी कर दी FIR, 10 साल पहले हो चुकी है मौत

फर्रुखाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां राजेपुर थाना पुलिस ने बिना किसी जांच-पड़ताल के एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जिसकी मौत 10 साल पहले ही हो चुकी है। आमतौर पर पुलिस जांच के नाम पर पीड़ितों को चक्कर लगवाती है, लेकिन यहां पुलिस ने इतनी फुर्ती दिखाई कि स्वर्गवासी व्यक्ति को भी आरोपी बना डाला। अब इस मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फर्रुखाबाद
मृतक विनोद का फाइल फोटो

क्या है पूरा मामला? जानिए पूरी कहानी

मामला राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव गांधी का है। यहाँ के रहने वाले अनुज ने 13 मार्च की शाम को गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोप था कि रास्ते से निकलते समय गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तुरंत मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया। लेकिन जैसे ही आरोपियों को FIR की कॉपी मिली, उनके होश उड़ गए। पुलिस ने लिस्ट में अभिषेक के पिता विनोद का नाम भी शामिल किया था, जबकि उनकी मृत्यु 10 साल पहले हो चुकी है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, न्याय की गुहार

इस बड़ी चूक के बाद मृतक के बेटों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की है। मृतक के बेटे आशीष ने वीडियो में बताया कि उसके पिता विनोद की मौत सालों पहले हो चुकी है, फिर भी पुलिस ने उन्हें आरोपी बना दिया। वहीं, राजेपुर थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया था और अब विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें