फर्रुखाबाद : गैस रिफिलिंग के काले धंधे पर प्रशासन का हंटर, दो दुकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप

फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित स्टेशन रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जिला पूर्ति अधिकारी (DSW) ने अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। आज दिनांक 13 मार्च 2026 को अमित चौधरी (पूर्ति निरीक्षक बढ़पुर) और अभिषेक मिश्रा (पूर्ति निरीक्षक कमालगंज) के साथ टीम ने ‘श्री श्याम गैस चूल्हा विक्रेता’ और ‘खाटू श्याम लाज एण्ड होटल’ के नीचे स्थित दुकान पर छापा मारा। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके के अवैध रिफिलिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।

घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडर भरने का चल रहा था खेल

जांच के दौरान अधिकारियों को मौके पर भारी अनियमितताएं मिलीं। टीम ने दुकान से कुल 6 घरेलू गैस सिलेंडर, दो रिफलर और एक 5 किलो का छोटा गैस सिलेंडर बरामद किया। वहां मौजूद राघव और ऋषभ नाम के व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भर रहे थे। यह काम न केवल गैरकानूनी है, बल्कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा है।

कठोर कार्रवाई: आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत इसे दंडनीय अपराध माना गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर आरोपी राघव और ऋषभ के विरुद्ध थाना कोतवाली फतेहगढ़ में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करा दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने साफ चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें