फर्रुखाबाद : राज महिला आयोग की सदस्य ने सुनी फरियादें, कुल 7 शिकायतें आई

फर्रुखाबाद के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने जनसुनवाई की। इस दौरान एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहाँ दिल्ली में रहने वाली एक युवती को इंस्टाग्राम पर सहारनपुर के युवक से प्यार हुआ। निकाह के बाद अब ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की गैरमौजूदगी में उसके जेठ ने घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट की। आयोग ने कादरीगेट थाना प्रभारी को तुरंत जांच कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

फतेहगढ़ स्टेडियम की महिला जिम ट्रेनर ने उठाए सवाल, अधिकारी पर गंभीर आरोप

जनसुनवाई में महिला जिम ट्रेनर दुर्गा देवी ने अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त 2025 को उनका चयन हुआ था, लेकिन बिना किसी नोटिस के उन्हें पद से हटा दिया गया। उनका आरोप है कि न तो उन्हें वेतन दिया गया और न ही कोई वाजिब कारण बताया गया, बल्कि उनकी जगह किसी और की नियुक्ति कर दी गई। सुनीता सैनी ने अधिकारियों को इस मामले का जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

घरेलू विवाद और प्रताड़ना की आई सात शिकायतें

सुनवाई के दौरान कुल सात मामले आए, जिनमें से ज्यादातर घरेलू हिंसा से जुड़े थे। एक महिला ने अपने सर्राफा व्यापारी जेठ पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, वहीं मोहल्ला इस्माइल गंज की महिला ने अपने पति पर नाबालिग लड़की से दूसरी शादी करने की शिकायत की। नोएडा की स्वाति गुप्ता ने भी ससुराल में न बुलाए जाने की गुहार लगाई, जिस पर आयोग ने पति को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

जेल और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण

सुनवाई के बाद आयोग की सदस्य ने राजेपुर के उजरामऊ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान डीपीओ अनिल चंद्र, सीडीपीओ और महिला थानाध्यक्ष सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें