फर्रुखाबाद : गैस सिलेंडर की लाइन में खड़े बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद शहर के लाल सराय स्थित एक गैस एजेंसी पर शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना घटी। मोहल्ला गढ़ी खान खाना के रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग मुख्तार अंसारी गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह साढ़े छह बजे से ही लाइन में लगे थे। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और करीब तीन घंटे तक लगातार खड़े रहने की वजह से उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। पास में खड़े शमशाद ने तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी।

फर्रुखाबाद
मृतक मुख्तार अंसारी का फाइल फोटो

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में आवास विकास तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टर उदय राज सिंह ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर का कहना था कि बुजुर्ग पहले से ही हृदय रोग (Heart Disease) से पीड़ित थे और उन्हें मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इस घटना के बाद मृतक के दो बेटों, शाहनवाज और मुदस्सिर, समेत पांचों बेटियों और पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

प्रशासन और एजेंसी ने दी अपनी सफाई

इस दुखद घटना पर जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव का कहना है कि उन्हें बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिली है, लेकिन उनके अनुसार सुबह साढ़े छह बजे लाइन में लगने की बात सही नहीं है। वहीं गैस एजेंसी प्रबंधक फैसल खान ने बताया कि बुजुर्ग पहले से बीमार थे और उन्होंने अपनी परेशानी किसी को नहीं बताई थी। दूसरी ओर, शहर कोतवाल दर्शन सिंह सोलंकी ने कहा कि फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई आधिकारिक लिखित जानकारी नहीं दी गई है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें