फर्रुखाबाद : सीपी विद्या निकेतन के छात्र ने UPSC में 532वीं रैंक लाकर बढ़ाया मान, स्कूल में हुआ जोरदार स्वागत

फर्रुखाबाद के कायमगंज स्थित सी.पी. विद्या निकेतन के पूर्व छात्र अभिषेक कुमार यादव ने यूपीएससी परीक्षा 2025 में अपना परचम लहरा दिया है। 532वीं रैंक हासिल करने वाले अभिषेक का अब भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन लगभग तय माना जा रहा है। उनकी इस ऐतिहासिक कामयाबी पर आज 13 मार्च 2026 को विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें बुके, शाल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कायमगंज
कायमगंज

स्कूल प्रबंधन और गुरुजनों ने जताया गर्व

सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय की निदेशिका डॉ. मिथलेश अग्रवाल, प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल व प्रधानाचार्य आर. के. बाजपेई ने अभिषेक की पीठ थपथपाई। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि अभिषेक बचपन से ही मेधावी और अनुशासित रहे हैं। उप प्रधानाचार्य दीपक कुमार जैना ने कहा कि अभिषेक की मेहनत ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी देश की सबसे बड़ी परीक्षा जीती जा सकती है।

सोशल मीडिया से दूरी और 10 घंटे की पढ़ाई: सफलता का सीक्रेट

अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए अभिषेक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सुलझाने के जुनून ने ही उन्हें UPSC की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी और रोजाना 8 से 10 घंटे की नियमित पढ़ाई की। अभिषेक ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि अनुशासन और माता-पिता की आज्ञा का पालन ही सफलता की पहली सीढ़ी है।

सी.पी. विद्या निकेतन से शुरू हुआ था सफर

अभिषेक ने अपनी कक्षा 1 से 12वीं तक की पूरी शिक्षा कायमगंज के सी.पी. विद्या निकेतन से प्राप्त की है। स्कूल परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अभिषेक की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बनेगी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें