फर्रुखाबाद : कायमगंज में पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या, एक साल की बच्ची के सर उठा मां का साया – आरोपी पति फरार

शनिवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर गांव में घरेलू विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

कायमगंज
कायमगंज सीएचसी में भर्ती शिवानी

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि पति विजय ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पत्नी शिवानी पर हमला कर दिया। हमले में शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कायमगंज
मृतक शिवानी का फाइल फोटो

दहेज और पैसों की मांग को लेकर भी थे आरोप

मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि दामाद विजय काफी समय से मकान बनाने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। उनका कहना है कि पैसे न देने पर पहले भी शिवानी को प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का यह भी दावा है कि करीब दो महीने पहले आरोपी ने शिवानी को जलाने की कोशिश भी की थी, जिससे उसके शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए थे। इस मामले को लेकर गांव में पहले से ही चर्चा चल रही थी।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

एक साल की बेटी के सर से उठा मां का साया, गांव में पसरा मातम

बताया जा रहा है कि शिवानी की एक साल की बेटी है, जो अब मां के साए से वंचित हो गई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में काफी आक्रोश है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें