जनपद फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव उमरैला पिलखना निवासी सोबरन सिंह के 38 वर्षीय पुत्र नीरज की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नीरज अपनी भतीजी शालू की लगुन चढ़ाने के लिए शनिवार की शाम पड़ोसी जनपद एटा के जलेसर क्षेत्र गए हुए थे। देर रात जब वह रिश्तेदारों के साथ पिकअप से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

लघुशंका के लिए गाड़ी से उतरे, तभी अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि लगुन से वापस लौटते समय रास्ते में नीरज को लघुशंका लगी, जिस कारण वह गाड़ी से उतर गए। उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

पहले निजी अस्पताल, फिर घर लाए परिजन
हादसे के बाद वहां मौजूद रिश्तेदारों ने तुरंत उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। बाद में परिजन उन्हें घर ले आए। लेकिन रविवार दोपहर अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिवार वाले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे।

डॉक्टर ने किया मृत घोषित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपिन ने जांच के बाद नीरज को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के परिजनों ने बताया कि नीरज अपने सात भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी, एक 15 वर्षीय बेटी पलक और एक 10 वर्षीय बेटा कृष्ण है। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


















