शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सिरौली में एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान 16 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। यात्रा में शामिल लोग भक्ति और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे, लेकिन अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया।

ध्वज लेकर चल रहा था छात्र, हाईटेंशन लाइन से हुआ संपर्क
बता दें कि गांव निवासी सुबोध के यहां नए मकान और मंदिर निर्माण के बाद मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा और श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन रखा गया था। कथा शुरू होने से पहले गांव में धार्मिक शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इस यात्रा में सबसे आगे 16 वर्षीय अखिलेश यादव हरे बांस में ध्वज पताका लेकर चल रहा था। जैसे ही यात्रा मंदिर के पास पहुंची, बांस का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया।

हरे बांस में दौड़ा करंट, गंभीर रूप से झुलसा किशोर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बांस हरा होने की वजह से उसमें तुरंत बिजली का करंट दौड़ गया। करंट लगते ही अखिलेश गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा। यह देखकर यात्रा में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत उसे बचाने की कोशिश की गई।

अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन आनन-फानन में अखिलेश को पास के एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पढ़ाई में होशियार था छात्र, माता-पिता रहते हैं बाहर
परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक अखिलेश यादव कक्षा 12 का छात्र था और पढ़ाई में काफी तेज था। उसके पिता मुकेश प्रजापति और मां नारायण देवी बाहर रहकर बर्फ का काम करते हैं। अखिलेश गांव में अपने चाचा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।


















