जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में इन दिनों ट्रैफिक जाम की समस्या आम हो गई है। भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। इसे देखते हुए अब लायन्स क्लब के पदाधिकारी व व्यापारियों ने शासन से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। पदाधिकारी व व्यापारियों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में स्थिति और भी विकराल हो सकती है।

दमदमा से करीम नगर तक लगा रहता है वाहनों का रेला
स्थानीय लोगों का कहना है कि दमदमा (फर्रुखाबाद रोड) से पुलगालिव होते हुए बाईपास मार्ग और ट्रांसपोर्ट चौराहा से करीम नगर (कंपिल रोड) तक का इलाका सबसे अधिक प्रभावित है। कृषि आधारित और औद्योगिक शहर होने के नाते यहां ट्रकों और अन्य भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। इस भारी भीड़-भाड़ के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और सड़कों पर हर समय दुर्घटनाओं का डर बना रहता है।

क्लब का सुझाव : नया बाईपास ही है इकलौता विकल्प
ट्रैफिक की इस समस्या से निजात पाने के लिए लायन्स क्लब ने एक ठोस सुझाव दिया है। क्लब के पदाधिकारियों का कहना है कि फर्रुखाबाद रोड से अताईपुर-मुडौल-करीम नगर-कंपिल रोड-जौरा-चीनी मिल रोड तक एक नया बाईपास बनाया जाए। अगर यह बाईपास बनता है, तो भारी वाहन शहर के बाहर से ही निकल जाएंगे, जिससे मुख्य बाजार में भीड़ काफी कम हो जाएगी। साथ ही, प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र ‘कंपिल’ जाने वाले श्रद्धालुओं को भी एक सुगम रास्ता मिल सकेगा।

इस दौरान मौजूद रहे
आपको बता दें कि इस दौरान सुधीर कुमार गुप्ता, अरविंद गोयल, कुलदीप आर्य, अशोक कुमार, आलोक रस्तोगी, शंभू शरण अग्रवाल, अखिलेश कुमार अग्रवाल व नितेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद है।


















