फर्रुखाबाद : खुशियां मातम में बदली! भाई की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे दो युवकों की भीषण सड़क हादसे में मौत

जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर एक तेज रफ्तार DCM ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में विवेक कुशवाहा और उनके मौसेरे भाई अजय कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवेक के छोटे भाई विपिन की 10 मार्च को बारात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और विवेक अपनों को न्योता देने गए थे, लेकिन किसे पता था कि वह कभी वापस नहीं लौटेंगे।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

हेल्मेट के उड़ गए परखच्चे, एंबुलेंस के लिए तड़पते रहे घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे अजय के हेल्मेट के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एक दर्जन से ज्यादा बार 102 और 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी सरकारी एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरन पुलिस को दोनों को एक प्राइवेट पिकअप गाड़ी में लादकर लोहिया अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

अस्पताल में परिजनों का हंगामा, स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप

जैसे ही शवों को पिकअप से अस्पताल लाया गया, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। एंबुलेंस की सुविधा न मिलने और शवों को पिकअप में लाने को लेकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर नाराजगी जताई। हालात बिगड़ते देख राजेपुर और कादरी गेट थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अवनींद्र कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस प्रभारी से जवाब तलब किया है और जांच के बाद कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

परिवार का इकलौता सहारा थे अजय, बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इस हादसे ने दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया है। मृतक अजय कुशवाहा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता था। वहीं विवेक के ऊपर अपने छोटे भाई की शादी की पूरी जिम्मेदारी थी। विवेक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है और हर कोई एंबुलेंस की लेटलतीफी और तेज रफ्तार DCM चालक को कोस रहा है। पुलिस ने फिलहाल DCM को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें