फर्रुखाबाद : मौरंम डालने व पैसे के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या, आरोपी पिता पुत्र गिरफ्तार

जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नवादा सिरौली में मौरंग डालने और मजदूरी के पैसों को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली।

मजदूरी के पैसे मांगना पड़ा भारी

घटना 24 फरवरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार उदय प्रताप उर्फ नन्हे ने आरोपी धर्मवीर से अपने मजदूरी के पैसे मांगे और घर के सामने रखी मौरंग हटाने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी।

लाठी से सिर पर वार, अस्पताल में मौत

मारपीट के दौरान धर्मवीर ने बांस की लाठी से उदय प्रताप के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस का एक्शन, पिता-पुत्र गिरफ्तार

हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार नवाबगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मवीर और उसके बेटे कुणाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी भी बरामद की है।

तीन नामजद, जांच जारी

पुलिस प्रशासन के मुताबिक इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें