फर्रुखाबाद : दावत से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत – रिपोर्ट दर्ज

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी विवेक कुमार का भाई मनीष कुमार 19 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे एमके गार्डन चीनी मिल से एक दावत कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी बाइक (UP 76 AA 1657) से घर वापस लौट रहे था। किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद मिनटों का यह सफर मनीष की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

तेज रफ्तार का कहर: सिर के ऊपर से गुजर गया मौत का पहिया

जैसे ही मनीष कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग स्थित गांव पपड़ी पर पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का पहिया मनीष के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: पुलिस से न्याय की गुहार

मृतक के भाई विवेक कुमार ने कोतवाली कायमगंज में लिखित तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें