जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के गांव अजमतपुर में घरेलू विवाद के बाद 30 वर्षीय युवक शिवकांत पाठक ने घर से बाहर निकलकर सड़क किनारे खुद के ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। घटना के वक्त आसपास कोई मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों ने बचाई जान, लेकिन हालत थी बेहद नाजुक
जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था। ग्रामीणों ने कंबल डालकर आग बुझाई और तुरंत उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले लोहिया अस्पताल और फिर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत
इलाज के दौरान सोमवार देर रात शिवकांत ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस चुका था, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक अपने पीछे पत्नी खुशबू, बुजुर्ग मां मूलादेवी, छह साल की बेटी प्रतिज्ञा और चार साल के बेटे आदित्य को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस को नहीं दी गई सूचना, जांच के सवाल
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले की कोई लिखित सूचना थाने में नहीं दी गई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में कई तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















