जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि FSSAI के नियम बेहद जटिल हैं, जिनका पालन छोटे दुकानदारों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।

18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा
प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने तहसील परिसर पहुंचकर तहसीलदार को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें FSSAI कानून को व्यावहारिक बनाने, विभागीय उत्पीड़न रोकने और कार्रवाई में पारदर्शिता लाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

टर्नओवर सीमा 12 लाख से बढ़ाकर 40 लाख करने की मांग
व्यापारियों ने मौजूदा 12 लाख रुपए की टर्नओवर सीमा को बढ़ाकर 40 लाख रुपए करने की मांग की। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में 12 लाख की सीमा छोटे व्यापारियों के लिए नाकाफी है।

स्थानीय दुकानदारों के साथ भेदभाव का आरोप
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि खाद्य विभाग केवल स्थानीय दुकानदारों को ही निशाना बनाता है, जबकि ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों और मल्टीनेशनल ब्रांड्स पर उतनी सख्ती नहीं दिखाई जाती। उन्होंने मांग की कि सभी पर समान नियम लागू हों।

सीलबंद सामान में मिलावट पर निर्माता को ठहराया जाए जिम्मेदार
व्यापारियों का कहना है कि अगर पैक्ड (सीलबंद) सामान में मिलावट पाई जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी फुटकर दुकानदार नहीं बल्कि निर्माता कंपनी की होनी चाहिए।

‘लक्ष्य आधारित सैंपलिंग’ बंद करने की मांग
व्यापारियों ने ‘लक्ष्य आधारित सैंपलिंग’ को भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताते हुए इसे तुरंत बंद करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे ईमानदार व्यापारियों को बेवजह परेशान किया जाता है।

लेट फीस और भारी जुर्माने से राहत की अपील
व्यापारियों ने वार्षिक रिटर्न न भर पाने पर लगने वाली 100 रुपए प्रतिदिन की लेट फीस और भारी जुर्माने को वापस लेने की मांग की। साथ ही सुझाव दिया कि छोटे मामलों का निपटारा कोर्ट के बजाय अधिकारी स्तर पर ही कर दिया जाए।

बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
इस प्रदर्शन में संजीव अग्रवाल, अमित सेठ, वसीम अंसारी, सुधीर गुप्ता, राकेश कठेरिया, मधु गंगवार, अतुल गुप्ता, लक्ष्मी सिंह और लखपत सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।


















