रविवार को जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज कोतवाली में सर्राफा व्यापारियों के साथ एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने की। उन्होंने व्यापारियों को सतर्क करते हुए कहा कि सर्राफा दुकानें चोरों की पहली पसंद होती हैं, इसलिए सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरती जाए।

CCTV और लाइव मॉनिटरिंग अनिवार्य
कोतवाली प्रभारी ने साफ कहा कि सभी सर्राफा व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता के CCTV कैमरे लगवाएं और लाइव टीवी मॉनिटरिंग सिस्टम भी रखें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि कैमरे सिर्फ नाम के नहीं, बल्कि ऐसे हों जिनसे चेहरा और गतिविधि साफ दिखाई दे।

घर से बाहर जाते समय पड़ोसियों को दें जानकारी
बैठक में पुलिस ने एक जरूरी सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई व्यापारी या नागरिक घर से बाहर जा रहा है तो इसकी सूचना अपने पड़ोसियों को जरूर दे। इससे अनुपस्थिति के दौरान घर की निगरानी आसानी से हो सकेगी और चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।

गश्त बढ़ी, मोहल्लों में चौकीदार जरूरी
कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि नगर में पुलिस लगातार रात्रि गश्त कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कॉलोनियों और मोहल्लों में स्थानीय चौकीदार की व्यवस्था करने की अपील की, ताकि चोरी और अपराध की घटनाओं पर समय रहते लगाम लगाई जा सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह, मंडी चौकी प्रभारी बलबीर सिंह, कुआं खेड़ा चौकी इंचार्ज जितेन सिंह, एसआई सुधा पाल समेत कई अन्य पुलिसकर्मी और सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।


















