मंगलवार को कायमगंज में मंगलवार को बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या के विरोध में भगवा भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जवाहरगंज स्थित संगठन के प्रदेश कार्यालय पर हुई बैठक में वक्ताओं ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
अल्पसंख्यकों पर अत्याचार का आरोप
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय लगातार उत्पीड़न का शिकार हो रहे हैं। हालिया हत्या को मानवता पर कलंक बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि वहां की सरकार हालात काबू में करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
नारेबाजी करते हुए गुड मंडी तिराहा पहुंचे कार्यकर्ता
बैठक के बाद दर्जनों कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर गुड मंडी तिराहे की ओर बढ़े। रास्ते भर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे क्षेत्र में माहौल गरमा गया।
मोहम्मद यूनुस का पुतला फूंका
गुड मंडी तिराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद नहीं होते, तब तक विरोध जारी रहेगा।
भारत सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग
कार्यकर्ताओं ने भारत सरकार से मांग की कि इस मामले में सख्त रुख अपनाया जाए और बांग्लादेश को भेजे जाने वाले खाद्य पदार्थों की आपूर्ति तत्काल रोकी जाए। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप सक्सेना, शिवमंगल कौशल, अनूप चौबे, लखन कौशल, दिलीप, सनी शर्मा, भूरा, अमित वर्मा और ज्ञानचंद वर्मा मौजूद रहे।


















