फर्रुखाबाद: ट्रांसफॉर्मर तेल चोरी गैंग और पुलिस की बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन फरार

फर्रुखाबाद में मंगलवार देर रात ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह और पुलिस के बीच आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल चोर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

लगातार चोरी से परेशान पुलिस की प्लानिंग हुई कामयाब

आपको बता दें कि मोहम्मदाबाद और नवाबगंज क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से ट्रांसफॉर्मर से तेल और सामान चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय पुलिस और एसओजी टीम लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी बीच पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि गिरोह नहरिया क्षेत्र में सक्रिय है।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने चलाई गोली, जवाब में सनी सिंह घायल

सूचना मिलते ही एसओजी और मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने की कोशिश की। लेकिन पुलिस को देखते ही गिरोह ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नवाबगंज थाना क्षेत्र के बासमई निवासी बदमाश सनी सिंह के पैर में गोली लगी। उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

एक दर्जन मुकदमों वाला बदमाश निकला सनी सिंह

पुलिस जांच में सामने आया कि घायल सनी सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट के गंभीर मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए।

चोरी का तेल, औजार और ईको कार बरामद

मुठभेड़ वाले स्थान से भारी मात्रा में ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने में उपयोग होने वाले औजार, चोरी किया गया तेल और एक ईको कार बरामद की गई है। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को रवाना कर दिया है।

अस्पताल में भर्ती, बाकी की तलाश जारी

घायल बदमाश को मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गैंग का भंडाफोड़ किया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें