कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरैया मुकेरी के 50 वर्षीय सहायक अध्यापक ललित कुमार गंगवार ने बुधवार को कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक खराब हो गई। परिवार वालों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

एसआईआर और बीएलओ के काम का बढ़ा दबाव बना परेशानी की वजह
इलाज के दौरान ललित कुमार ने बताया कि वह जूनियर विद्यालय मामपुर में सहायक अध्यापक हैं और साथ ही बूथ संख्या 162 पर बीएलओ की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका कहना है कि एसआईआर कार्य को लेकर लगातार अनावश्यक दबाव डाला जा रहा था, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा था।
मीटिंग में अभद्रता, सुबह दोबारा बुलाकर बनाया दबाव
ललित कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम उन्हें तहसील सभागार में एसआईआर मीटिंग के लिए बुलाया गया, जहां अधिकारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार सुबह फिर से उन्हें तहसील बुलाया गया और काम को लेकर डांट-फटकार लगाई गई, जबकि उनका एसआईआर कार्य 100% पूरा था।

मानसिक तनाव ने लिया गंभीर रूप, उठाया आत्मघाती कदम
अध्यापक ललित कुमार ने दावा किया कि अधिकारियों की प्रताड़ना और लगातार मानसिक दबाव की वजह से उन्होंने मजबूरी में कीटनाशक खाकर आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी राखी और पुत्र प्रबल प्रताप का रो-रोकर बुरा हाल है।
डॉक्टर बोले – हालत गंभीर, रेफर किया लोहिया अस्पताल
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अमरेश ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की स्थिति चिंताजनक थी, इसलिए उन्हें तुरंत लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार मामले पर नजर रखे हुए है।
SDM का बयान – “किसी बीएलओ पर नहीं डाला जा रहा दबाव”
इस मामले में एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी बीएलओ पर दबाव नहीं बनाया जा रहा और सभी बीएलओ अच्छे तरीके से अपना कार्य कर रहे हैं।


















