फर्रुखाबाद : मारपीट में घायल ईंट-भट्ठा मालिक की कानपुर में इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने जमकर किया हंगामा – पांच पर मुकदमा

Farrukhbad News : जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र में ईंट-भट्ठा मालिक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रसूलपुर गांव निवासी जयदेव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, करीब छह दिन पहले उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने फोन करके उन्हें घर बुलाया और उनके साथ मारपीट की। इस घटना में जयदेव को गंभीर चोटें आई थीं। बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतक के बेटे गौरव ने बताया कि उनके पिता ने कुछ दिन पहले अनुमति लेकर एक खेत से मिट्टी खरीदी थी। मिट्टी उठाने को लेकर एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद उनके पिता को फोन करके बुलाया गया था।

मारपीट के बाद बिगड़ी थी जयदेव की हालत

परिजनों का आरोप है कि जयदेव को घर बुलाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें लात-घूंसों से पीटा गया और जेब में रखे 50 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी परिजनों ने कही है।

परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद जयदेव को पहले फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें कानपुर के अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार के सदस्यों का कहना है कि घटना के बाद से ही उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी।

पोस्टमार्टम में स्पष्ट नहीं हुआ मौत का कारण

जयदेव की मौत के बाद शुक्रवार शाम परिजन शव लेकर नवाबगंज क्षेत्र पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेजा गया। पोस्टमार्टम के दौरान पैनल और वीडियोग्राफी के बीच जांच की गई। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया। साथ ही हार्ट को भी सुरक्षित किया गया। शरीर पर तीन हल्की चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है।

पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जयदेव की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शव लेकर परिजन थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज होने तक शव ले जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान थाने के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई। मुख्य चौराहे पर ट्रैक्टर खड़ा कर दिए जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति संभाली।

परिजनों की शिकायत पर बबलू, रंजीत, मुकेश, राहुल और अनमोल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक की पत्नी आशा देवी, बेटे सौरभ, गौरव, नीलेश और बेटी ज्योति सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें