फर्रुखाबाद : कायमगंज में किशोरी को ले जाने का आरोपी अब भी फरार, पुलिस ने घर पर चस्पा किया कोर्ट का नोटिस

Farrukhabad News : हाथरस जिले से किशोरी को ले जाने के मामले में फरार आरोपी की तलाश में गुरुवार को हाथरस पुलिस की टीम जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर पहुंची। पुलिस ने मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा में मुनादी कराई और आरोपी के घर के मुख्य गेट पर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया। किशोरी को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।

23 जनवरी की रात घर से लापता हुई थी किशोरी

बता दें कि हाथरस जिले के हसायन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने 28 जनवरी को पुलिस को तहरीर दी थी कि 23 जनवरी की रात उसकी करीब 15 वर्षीय बेटी घर से लापता हो गई थी। अगले दिन एक युवक ने फोन कर जानकारी दी कि किशोरी उसके पास है।

कायमगंज निवासी युवक पर लगा आरोप

महिला ने कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा निवासी शिवा पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर हसायन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी शिवा लगातार फरार चल रहा है।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कराई मुनादी

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर हाथरस पुलिस ने न्यायालय से उद्घोषणा जारी कराई। गुरुवार को पुलिस टीम कायमगंज पहुंची और मोहल्ले में मुनादी कराई। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 84 के तहत आरोपी के घर के मुख्य गेट पर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें