Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव धरसिया चिलौली निवासी राजू की तीन वर्षीय बेटी जैस्वी मंगलवार को घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह रास्ता भटककर घर से दूर चली गई। काफी देर तक बच्ची के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला सका।

मंडी चौकी पहुंचकर पुलिस को दी सूचना
बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजन मंडी चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिली बच्ची की जानकारी
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में बच्ची सीपी तिराहे के पास रोती हुई दिखाई दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान कराई और परिजनों को मौके पर बुलाया।

पिता को देखते ही मुस्कुराई जैस्वी
मौके पर पहुंचे पिता राजू को देखते ही जैस्वी मुस्कुराने लगी और उनसे लिपट गई। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। बेटी के मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।


























