Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और 10 वर्षीय बेटी घायल हो गए। परिवार बाइक से भाई दूज के अवसर पर महिला के मायके जा रहा था। रास्ते में ईको कार की टक्कर से तीनों घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।

हाईवे पर बाइक को ईको कार ने मारी टक्कर
बता दें कि मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बिहार निवासी दिनेश मंगलवार को अपनी 45 वर्षीय पत्नी सुमन और 10 वर्षीय बेटी पल्लवी के साथ बाइक से राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर गांव जा रहे थे। वहां सुमन के भाई राजेश रहते हैं। दोपहर करीब 1:30 बजे जब परिवार मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बघार के पास पहुंचा तो बेटी ने भूख लगने की बात कही। इस पर दिनेश ने बाइक सड़क किनारे रोक दी। इसी दौरान पीछे से आई एक ईको कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए।

पति ने अपनी शर्ट उतारकर पत्नी के सिर पर बांधी
हादसे में दिनेश के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि सुमन के सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बहने लगा। बेटी पल्लवी भी घायल हो गई। घायल होने के बावजूद दिनेश ने पहले पत्नी की हालत संभालने की कोशिश की। सुमन के सिर से अधिक खून निकलता देख उन्होंने अपनी शर्ट उतारकर उसके सिर पर बांध दी, ताकि रक्तस्राव कम हो सके। इसके बाद वह ई-रिक्शा से पत्नी और बेटी को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने तोड़ा दम
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने पर दिनेश ने चिकित्सकों से पहले पत्नी का उपचार करने का आग्रह किया। चिकित्सकों ने सुमन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। हादसे में घायल दिनेश और उनकी बेटी का भी उपचार कराया गया। परिजन महिला के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए।

भाई दूज पर मायके जाने की थी तैयारी
बुधवार को भाई दूज का पर्व है। इसी अवसर पर सुमन अपने पति और बेटी के साथ भाई के घर चाचूपुर जा रही थीं। लेकिन मायके पहुंचने से पहले ही रास्ते में हादसा हो गया। बताया गया कि दिनेश गांव में रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।


























