फर्रुखाबाद : कायमगंज में बैंक मैनेजर हत्याकांड में दोषी को उम्रकैद, 30 हजार का जुर्माना

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में 22 साल पहले हुए बैंक मैनेजर अशोक कुमार राठौर की हत्या और बैग लूटने के मामले में बुधवार को अदालत ने एक कड़ा और न्यायसंगत फैसला सुनाया। लंबी कानूनी प्रक्रिया और गवाहों के बयाने के आधार पर अदालत ने दोषी महेश को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोषी पर 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस बहुचर्चित मामले में न्याय मिलने से पीड़ित परिवार को एक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद राहत मिली है।

कैसे दिया गया था 26 मई 2004 को वारदात को अंजाम

कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला चिलाका निवासी विनोद कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 26 मई 2004 को उनके बड़े भाई अशोक कुमार राठौर बैंक ऑफ इंडिया की चंदुइया शाखा जा रहे थे। वह बैंक कर्मचारी रामबाबू की बाइक पर सवार थे। सुबह करीब 9:45 बजे जब वे गांव झब्बूू्पुर के आगे पहुंचे, तो पीछे से आई एक सफेद कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। कार से उतरे चार बदमाशों ने तमंचों से गोली चला दी, जिससे अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

बैग लूटकर अछरा की ओर भागे थे बदमाश

हमले के तुरंत बाद बदमाश अशोक कुमार का बैग छीनकर अचरा की ओर फरार हो गए थे। लूटे गए उस बैग में बैंक की चाबियां, टिफिन और कुछ जरूरी कागजात रखे हुए थे। पुलिस जांच के दौरान इस वारदात में बदायूं निवासी महेश और आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र के जयराम बाग कॉलोनी निवासी जगदीश के नाम सामने आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से तमंचे और कारतूस बरामद कर अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था।

सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी जगदीश की हुई मौत

इस पूरे मामले की लंबी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान दूसरे आरोपी जगदीश की मौत हो गई थी। अभियोजन पक्ष ने अदालत में मजबूत सबूत पेश किए और गवाहों के बयान दर्ज कराए।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने महेश को दोषी करार दिया और बुधवार को उसे आजीवन कारावास व 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें