Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर निवासी अर्जुन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 30 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर था। आरोप है कि अशोक कुमार जोशी की बेटी की मौत के बाद उनकी मदद करने को लेकर कुछ लोग उससे नाराजगी रखते थे। इसी रंजिश में विपिन, मिथुन, गोविंद, कन्हैया, सचिन, अमित, सुमित, अन्ना और बबलू समेत कई लोग उसके घर पहुंच गए।

लाठी-डंडों और सरियों से हमले की शिकायत
आरोपी है कि आरोपितों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और लाठी-डंडों व सरियों से मारपीट की। घटना में उसके अलावा पिता रामसिंह, भाई पवन, क्रांति और अनीता घायल हो गए। उसने 10 से 12 अज्ञात लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।

शराब पीने के लिए साथ चलने से मना करने पर विवाद का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के सचिन नागर ने अपनी तहरीर में बताया कि 30 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े छह बजे पवन राठौर उसके घर आया और शराब पीने के लिए साथ चलने को कहा। मना करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। सचिन का आरोप है कि कुछ देर बाद रामसिंह राठौर, अर्जुन, अनमोल, सुशील, विनोद, अनिल, अनीता और क्रांति समेत अन्य लोग वहां पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

जातिसूचक शब्द कहने और धमकी देने का भी आरोप
सचिन ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई कन्हैया और पत्नी रागिनी के साथ भी मारपीट की गई। साथ ही जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपितों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।


























