Farrukhabad News : सोमवार को उस जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिप्टी सीएमओ डॉ. सरवर इकबाल ने अचानक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचे डिप्टी सीएमओ ने सबसे पहले परिसर, इमरजेंसी और ओपीडी का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली, जिसे देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।

गंदगी का अंबार और गंदी बेडशीट देख भड़के अधिकारी
निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड की हालत बेहद दयनीय मिली। वार्ड की दीवारों पर जाले लगे हुए थे और मरीजों के बिस्तरों पर बिछी बेडशीट काफी गंदी व फटी हुई पाई गई। रबर शीट की हालत भी बेहद खराब थी। इसके अलावा, उपस्थिति रजिस्टर की जांच करने पर सौरभ, अनुराग और वार्ड आया प्रीति बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर डिप्टी सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई और लापरवाह कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

बिना 24 घंटे की निगरानी के मरीजों को दी जा रही थी छुट्टी
महिला वार्ड में डिलीवरी रजिस्टर की जांच करने पर एक बड़ा खेल सामने आया। बीते रात भर्ती हुए करीब आठ मरीजों को सुबह ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए डिप्टी सीएमओ ने कहा कि प्रसव के बाद नियमों के तहत मरीजों को 24 से 48 घंटे तक निगरानी में रखना अनिवार्य है। साथ ही तीमारदारों ने रात की ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों की मनमानी की शिकायत भी दर्ज कराई, जिस पर अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए।


























