फर्रुखाबाद : मायके में रह रही बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

Farrukhabad News : फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव कटिया में अपने मायके में रह रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला शीला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि, शीला पिछले चार महीनों से अपने मायके में रह रही थीं और वे लंबे समय से डायबिटीज (शुगर) और हाई ब्लड प्रेशर जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें पहले कायमगंज और फिर लोहिया अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर ले आया गया था।

अचानक हुई मौत से परिजनों में मचा कोहराम

शुक्रवार को शीला की अचानक मृत्यु हो जाने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और कोहराम मच गया। मृतका के पिता रामदीन ने बताया कि उनके पति ग्रंथ सिंह (निवासी हकीमगंज, कासगंज) का करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था। शीला के चार बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से सभी बेटे दिल्ली में रहकर काम करते हैं। परिजनों का कहना है कि शीला की तबीयत बिगड़ने की सूचना बेटों को पहले ही दे दी गई थी।

बेटे के संदेह के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली से आए मृतका के बड़े बेटे सुनील ने मौत के कारणों पर संदेह व्यक्त करते हुए हत्या का आरोप लगाया और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतका के भाई राहुल की मौजूदगी में पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हल्का इंचार्ज उमेश कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें