Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के कायमगंज बाईपास पर ढिलावल-जसमई के बीच स्थित एल्विस हॉस्पिटल में भर्ती प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी नीलेश कुमार की 24 वर्षीय पत्नी संध्या के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि प्रसूता के इलाज में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उसकी जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया।

ऑपरेशन और रक्त चढ़ाने के बाद बिगड़ी हालत
मृतका के पति नीलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संध्या को प्रसव पीढ़ा के बाद मंगलवार की रात अस्पताल में भर्ती कराया था। पहले सामान्य प्रसव की बात कही गई, लेकिन बाद में रात 11 बजे ऑपरेशन की जरूरत बताकर रकम जमा करवाई गई और ऑपरेशन कर दिया गया। आरोप है कि बुधवार दोपहर बिना ब्लड ग्रुप की सही जानकारी जांचे एक यूनिट रक्त चढ़ाया गया, जिसके बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ती चली गई और बुधवार देर शाम उसकी मृत्यु हो गई।

ताला लगाकर भागे अस्पताल संचालक, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद अस्पताल के संचालक और स्टाफ शव को स्ट्रैचर पर रखकर गेट के बाहर छोड़कर ताला लगाकर मौके से चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि महिला की इलाज के दौरान मृत्यु होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। नवजात बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर नियमानुसार निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


























