Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के फर्रुखाबाद मार्ग स्थित मीरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

भतीजे के साथ दूध लेने जा रहे थे सोबरन
बता दें कि कायमगंज क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी 50 वर्षीय सोबरन अपने भतीजे सत्यम को ई-रिक्शा पर बैठाकर शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर दूध लेने जा रहे थे। रास्ते में कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर टेढ़ीकोन से आगे मीरपुर गांव के सामने उनके ई-रिक्शा की अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में सोबरन और सत्यम दोनों घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपिन ने सोबरन को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते अस्पताल पहुंची सोबरन की पत्नी पिंकी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सोबरन रिक्शा चलाता था और उसकी सात वर्षीय बेटी आशिकी, पांच वर्षीय बेटा हर्षित और तीन वर्षीय बेटी वर्षा हैं। मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


























