Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर में शारदीय नवरात्रि के समापन के अवसर पर मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा बेहद श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में निकाली गई। नगर के विभिन्न इलाकों एवं मोहल्लों में स्थापित डेढ़ से दो दर्जन के करीब देवी प्रतिमाओं को गाजे-बाजे के साथ विसर्जन के लिए रवाना किया गया। दोपहर लगभग 12 बजे शुरू हुई यह भव्य यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए शमशाबाद स्थित ढाई घाट गंगा तट की ओर बढ़ी। रास्ते भर भक्तों द्वारा लगाए गए “माता रानी के जयकारे” वातावरण को गुंजायमान करते रहे। ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर धुन पर भक्त अबीर-गुलाल उड़ाते, नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान विदाई के भाव से कई श्रद्धालुओं की आंखें भी नम दिखाई दीं।

श्रद्धालुओं के लिए लगे जगह-जगह भंडारे और सेवा शिविर
विसर्जन यात्रा में फूलमती मंदिर, ललितादेवी मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, पृथ्वी दरवाजा, नोनियमगंज, बगिया सोहनलाल, बगिया मंगूलाल, घसिया चिलौली, प्रेमनगर, चिलांका, छपट्टी, मेहंदी बाग, बजुरिया और जिजपुरा समेत अनेक पूजा पंडालों की प्रतिमाएं शामिल रहीं। यात्रा मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा देवी प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया और आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर भंडारों व सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। इसमें तहरी, पूड़ी-खीर, बिस्कुट, पानी, ठंडे पेय और केले का प्रसाद बांटा गया। सोमवार को भी विसर्जन से पूर्व विभिन्न पंडालों में भंडारे आयोजित किए गए थे।
देखें विसर्जन यात्रा की तस्वीरें…





ढाई घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ भू-विसर्जन
नगर की प्रमुख सड़कों और बाजारों में लगातार कई घंटों तक मेले जैसा दृश्य देखने को मिला, जहां परिवारों के साथ महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। विसर्जन यात्रा अपने तय मार्ग से होते हुए शमशाबाद के ढाई घाट गंगा तट पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा अगले वर्ष फिर से आने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया।

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन
आयोजन को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर पैनी नजर बनाए रहे। पुलिस और प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह पूरी विसर्जन यात्रा बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई।


























