फर्रुखाबाद : वाहन चेकिंग के दौरान 6.57 क्विंटल पटाखों के साथ दो युवक गिरफ्तार, हाथरस से लखीमपुर ले जाए जा रहे थे पटाखे – रिपोर्ट दर्ज

Farrukhabad News : जनपद फर्रूखाबाद में पांचाल घाट चौकी के पास पुलिस प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। बता दें कि शुक्रवार तड़के करीब 3:45 बजे जब पुलिस पांचाल घाट चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी, उसी दौरान एक छोटा हाथी वाहन को रोका गया। चेकिंग करने पर वाहन के अंदर आतिशबाजी के कई गत्ते लदे मिले। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस मांगने पर वाहन चालक और उसमें सवार युवक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

हाथरस से लखीमपुर खीरी ले जाए जा रहे थे पटाखे

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे इन अवैध पटाखों के गत्तों को हाथरस से लादकर लखीमपुर खीरी ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार वाहन में पटाखों के कुल 21 गत्ते रखे हुए थे, जिनका कुल वजन लगभग 6.57 क्विंटल है। पुलिस ने तुरंत वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों के अपने साथ कादरीगेट थाने ले आई।

आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई

पकड़े गए आरोपियों की पहचान जनपद लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र के गांव जंगबहादुर निवासी चालक रवि कुमार और युवक दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। कादरीगेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि बिना लाइसेंस अवैध रूप से पटाखों के परिवहन के मामले में दोनों युवकों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पैरवी के बावजूद पुलिस की सख्त कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर पटाखों को छुड़ाने के लिए लखीमपुर खीरी से कुछ लोग कादरीगेट थाने पहुंचे और पैरवी में लगे रहे। हालांकि, पुलिस ने नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की और कानून के तहत आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें