फर्रुखाबाद : कायमगंज में टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने उपकेंद्र का किया घेराव

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मीरपुर में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान नगर के मोहल्ला चिलांका निवासी आनंद कुमार की 26 वर्षीय पत्नी रागिनी के रूप में हुई। बता दें कि रागिनी इन दिनों अपने मायके मीरपुर में रह रही थीं। सोमवार भोर में वह दयाराम की नर्सरी के खेत की तरफ गई थीं, जहाँ जमीन पर पड़े हाईटेंशन लाइन के बिजली के तार की चपेट में आ गईं। करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

कायमगंज
मृतका रागिनी का फाइल फोटो

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित

उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला को पड़ा देखकर तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और बरझाला फीडर की बिजली बंद कराई। इसके बाद परिजन व स्थानीय लोग आनन-फानन में रागिनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका ने करीब 15 दिन पहले ही एक नवजात बच्ची को जन्म दिया था। मृतका अपने पीछे छह वर्षीय पुत्री अनोखी, चार वर्षीय पुत्र दादू और एक नवजात शिशु को रोता बिलखता छोड़ गई है।

कायमगंज
बरझाला बिजली उपकेंद्र का घेराव करते ग्रामीण

लापरवाही का आरोप लगा ग्रामीणों ने किया घेराव

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बरझाला बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर लगभग दो घंटे तक घेराव व धरना दिया। नर्सरी संचालक का कहना है कि रविवार शाम को ही तार टूटने की सूचना संबंधित जेई को दे दी गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने मांग की कि जर्जर तारों को बदला जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों ने दिया जांच और आर्थिक मदद का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अरविंद कुमार, एसडीओ दिनेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एक्सईएन शिवशंकर ने बताया कि मामले की एसडीओ से जांच रिपोर्ट मांगी गई है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें