फर्रुखाबाद : कायमगंज में शकुंतला देवी शिक्षण संस्थान में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गूंजे देशभक्ति के तरानों, एनसीसी कैडेट्स और बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित शकुंतला देवी शिक्षण संस्थान में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत भव्य और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों व प्रबंधक लक्ष्मी नारायण अग्रवाल प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल द्वारा सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के तुरंत बाद उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को नमन किया। एनसीसी कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट अनुशासन और शौर्य का प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अमर सिंह, सरस्वती वर्मा सुनील चक और राजेश अग्निहोत्री सहित सभी सम्मानित अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।

देखें कार्यक्रम की तस्वीरें…

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सेना के साहस को किया नमन

समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। एनसीसी की छात्राओं ने अपने ओजस्वी संबोधन में अमर शहीद भगत सिंह के क्रांतिकारी जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। वहीं, बालिकाओं ने भाषण के माध्यम से सरहद पर तैनात सैनिकों के जीवन, कर्तव्यों और कठिन परिस्थितियों को बखूबी रेखांकित किया। बॉर्डर पर तैनात जवानों के साहस पर आधारित नाटक, नृत्य और गायन ने पूरे प्रांगण में देशभक्ति और वीरता का संचार कर दिया।

कायमगंज
कायमगंज

विद्यार्थी और जवान देश के मुख्य आधार : पूर्व विधायक अमर सिंह

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री अमर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि देश के विद्यार्थी और जवान, दोनों ही राष्ट्र के उत्थान और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान के डायरेक्टर श्री लक्ष्मी नारायण अग्रवाल और मैनेजर श्रीमती मोनिका अग्रवाल जी ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में समय प्रबंधन, समर्पण और माता-पिता के प्रति कर्तव्यों का पाठ पढ़ाया। जूनियर विंग की प्रधानाचार्या नाहिद जाफरी ने सभी आगत अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कायमगंज
कायमगंज

मंच संचालन और राष्ट्रगीत के साथ समापन

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन कक्षा 10वीं की सुहानी सिंह और 11वीं की आराध्या गंगवार ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, उप-प्रधानाचार्य प्रभंजन कुमार, एनसीसी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा, संगीत शिक्षक ममता सिंह व नितिन सहित समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संपन्न होने के बाद राष्ट्रगीत के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन का समापन हुआ।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें