जनपद फर्रूखाबाद के कायमगंज नगर स्थित कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या विश्वमोहिनी पाण्डेय के निलंबन पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने अपनी औपचारिक मुहर लगा दी है। प्रबंध समिति द्वारा 1 जुलाई को की गई निलंबन की कार्रवाई का DIOS ने अनुमोदन किया है। यह निर्णय त्रिसदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट, उपलब्ध अभिलेखों और दोनों पक्षों के साक्ष्यों के गहन परीक्षण के बाद लिया गया है।
प्रवक्ता मधु बनीं कार्यवाहक प्रधानाचार्या
विद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के लिए प्रवक्ता मधु को कार्यवाहक प्रधानाचार्या नियुक्त किया गया है। अग्रिम आदेशों तक उनके नमूना हस्ताक्षरों को भी प्रमाणित कर दिया गया है, ताकि संस्थान के दैनिक कामकाज प्रभावित न हों।
गंभीर आरोपों के बाद हुई प्रशासनिक कार्रवाई
DIOS कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, प्रधानाचार्या के खिलाफ जांच में कई गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इनमें निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन न देना, विद्यार्थियों को रोटी और दूध का वितरण न करना, बिना रसीद अवैध शुल्क वसूली और जांच समिति को आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध न कराना शामिल है। जिला प्रशासन व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्तर की जांचों में भी शिकायतें सही पाई गईं।
साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर माध्यमिक शिक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई
निलंबित प्रधानाचार्या आरोपों के खंडन हेतु पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत करने में विफल रहीं और उन्होंने निलंबन के बावजूद प्रभार भी नहीं सौंपा था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर माध्यमिक शिक्षा अधिनियम-1921 के प्रावधानों के तहत DIOS ने 4 अगस्त को निलंबन को अंतिम मंजूरी प्रदान की।

फर्रुखाबाद : कन्या विद्या पीठ इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या के निलंबन पर भड़का परिषद, दी बड़ी चेतावनी

























