फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचालघाट रोड किनारे रविवार को एक गड्ढे में नवजात बालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौरतलब है कि महज 24 घंटे के भीतर क्षेत्र में नवजात शिशु मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले शनिवार को आवास विकास चौकी क्षेत्र के बढ़पुर स्थित कूड़े के ढेर में भी एक नवजात का शव बरामद हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी के के कश्यप पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां किसने फेंका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और नवजात की उम्र का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच टीम गठित कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि सरकारी व निजी अस्पतालों और आसपास के नर्सिंग होम से हाल ही में हुए प्रसव का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी अस्पताल या बिचौलिए की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रूखाबाद : कूड़े के ढेर के पास मिला लावारिस नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस

























