जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने जिला बदर की मियाद पूरी होने से पहले ही इलाके में घूम रहे एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव नगुला विलौना निवासी वीर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र श्यामु पाल के रूप में हुई है। बता दें कि जिला मजिस्ट्रेट ने उसे छह महीने के लिए जिले की सीमा से बाहर का रास्ता दिखाया था, लेकिन वह महज ढाई महीने के भीतर ही चोरी-छिपे वापस लौट आया।
मुखबरि से खुली पोल, पेड़ के नीचे से दबोचा
उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, कांसटेबल अंकित, मोहित और महिला कांसटेबल भारती के साथ रेलवे स्टेशन तिराहा पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर खास से पक्की सूचना मिली कि जिला बदर अपराधी श्यामु पाल नगुला पति गांव में रमेश पाल के घर के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत नगुला पति पहुंचकर घेराबंदी की और पाकड़ के पेड़ के नीचे सफेद शर्ट पहने खड़े आरोपी को भागने का मौका दिए बिना दबोच लिया।
निजी काम का बहाना, अब गुंडा एक्ट की कार्रवाई
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह निजी काम से गांव आया था। उसे 2 अप्रैल 2026 को जिला बदर किया गया था और 9 मई को एटा सीमा पर छोड़ा गया था। लेकिन जिलाधिकारी के आदेश की धज्जियां उड़ाने पर पुलिस ने दोपहर 3 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। अब उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडागर्दी नियंत्रण अधिनियम की धारा 3/10 के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















