जनपद शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के बगिया गांव के रहने वाले 55 वर्षीय संतोष शर्मा अपनी पत्नी किरन और 13 साल के बेटे शोभित के साथ सोमवार तड़के करीब 3 बजे बाइक से निकले थे। वे पड़ोस के गांव में अपनी मौसी के बेटे संदीप की शादी में शामिल होने जा रहे थे। तभी फर्रुखाबाद के इटावा-बरेली हाईवे पर उजीरपर बंजर के पास तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष की पत्नी किरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष और उनका बेटा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

लोहिया अस्पताल लाते ही थमीं सांसें, इकलौते मासूम का चल रहा इलाज
हादसे की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। आनन-फानन में घायल संतोष और उनके बेटे शोभित को फर्रुखाबाद के डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने संतोष को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, 13 साल के मासूम शोभित की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शोभित अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा है, जिसके सिर से अचानक माता-पिता का साया उठ गया।

दिन में थी शादी, घर में पसरा सन्नाटा
मृतक के भाई मनोज ने रोते हुए बताया कि मौसी के घर दिन में ही शादी का कार्यक्रम था। संतोष खेती-किसानी के साथ लकड़ी का कारोबार भी करते थे। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी पहले ही कर दी थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन एक लापरवाह गाड़ी ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। पुलिस ने किरन के शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। इस हादसे के बाद शादी वाले घर सहित पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।



















