शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज रेलवे रोड कोतवाली गेट के पास स्थित श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी मंदिर में एक भव्य विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु बजरंगबली के दर्शन कर निहाल हो गए। पूरा माहौल ‘जय श्री राम’ और ‘हनुमान जी महाराज की जय’ के गूंजते जयकारों से पूरी तरह भक्तिमय हो गया। मंदिर आने वाले हर एक भक्त ने बेहद अदब और श्रद्धा के साथ भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
कलयुग में निस्वार्थ सेवा की मिसाल बनी मंदिर की ट्रस्ट टीम
यह मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि आज के दौर में इंसानियत की जीती-जागती मिसाल भी है। जहां आज के जमाने में लोग अपनों को ही धोखा देने से बाज नहीं आते, वहीं इस मंदिर की ट्रस्ट टीम पूरी तरह निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटी हुई है। चाहे गरीबों को कपड़े बांटना हो, भूखों को खाना खिलाना हो या फिर बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाना—यह टीम हमेशा सबसे आगे खड़ी नजर आती है। यही वजह है कि कायमगंज ही नहीं, बल्कि पूरे फर्रुखाबाद जिले में इस टीम की जमकर तारीफ हो रही है। आज के इस बड़े कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल जी, उपाध्यक्ष दीपक शाक्य और सदस्य गुरुदेव सहित कई सेवादार पूरी निष्ठा से जुटे रहे।

15 जून को मनेगा छठा बर्थडे, आप भी हैं आमंत्रित!
अगर आप इस भंडारे में शामिल होने से चूक गए हैं, तो आपके पास पुण्य कमाने का एक और बेहतरीन मौका है। मंदिर के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी और प्रबंधक संगम शाक्य ने बताया कि आने वाले सोमवार, 15 जून को मंदिर का छठा स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। इस खास मौके पर मंदिर परिसर में शाम 5:00 बजे से भव्य सुंदरकांड पाठ और मनमोहक भजन-कीर्तन का आयोजन होने जा रहा है। ट्रस्ट की तरफ से सभी भक्तों से अपील की गई है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में परिवार सहित पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लें और इस पुण्य के भागीदार बनें।



















