शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज बाईपास मार्ग स्थित बेरिया पर मेरठ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस की टीम ने एक फिल्मी अंदाज में घेराबंदी की। दरअसल, टीम को सटीक मुखबिर से खबर मिली थी कि भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप यहां पहुंचने वाली है। जैसे ही दो संदिग्ध तस्कर बस से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उन्हें चारों तरफ से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद एक सूटकेस और दो बैगों से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।

बैग खोलते ही उड़े होश, निकला 42.5 किलो गांजा
पुलिस और एएंटीएफ की संयुक्त टीम ने जब पकड़े गए आरोपियों के बैगों की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में गांजा देखकर सबके होश उड़ गए। बरामद गांजे का कुल वजन 42.5 किलोग्राम मापा गया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस माल की कीमत लगभग 21 लाख रुपए आंकी गई है। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अनवर हुसैन की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ माल को तौला गया और उसे सील कर दिया गया।
उड़ीसा से यूपी तक का सफर : ट्रेन और बस बदल-बदल कर पहुंचे थे तस्कर
पूछताछ में तस्करों ने जो खुलासा किया, उसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया। पकड़े गए आरोपियों में एक सतेंद्र चौधरी उर्फ मुन्ना (निवासी सिवान, बिहार) और दूसरा मिन्ना (निवासी कोरापुट, उड़ीसा) है। ये दोनों उड़ीसा से गांजा लेकर चले थे। पकड़े जाने से बचने के लिए इन्होंने लंबा रूट चुना। ये कोरापुट से पहले रायपुर (छत्तीसगढ़) आए, वहां से ट्रेन बदलकर कानपुर पहुंचे। इसके बाद कानपुर से फर्रुखाबाद आए और फिर बस पकड़कर कायमगंज पहुंचे थे, जहां वे सीधे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

एटा के कैसर खां को देनी थी डिलीवरी, अब सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
पकड़े गए तस्करों ने कुबूल किया कि गांजे की यह बड़ी खेप एटा जिले के थाना जैथरा के अंतर्गत आने वाले गांव गोहटिया के निवासी कैसर खां को सौंपी जानी थी। डिलीवरी के लिए कायमगंज का यही बेरिया तिराहा तय हुआ था। इस कामयाब ऑपरेशन में उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल पंकज, रोहित, कपिल रावत और स्थानीय कोतवाली के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार यादव, जावेंद्र सिंह व प्रवीण यादव की मुख्य भूमिका रही। कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है और आगे की कड़ियों को खंगाल रही है।



















