फर्रुखाबाद : कायमगंज में आयुष्मान कार्ड बनाने में बड़ी लापरवाही, 5 आशा बहुओं की नौकरी पर मंडराया संकट

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गरीबों के आयुष्मान कार्ड बनाने में ढिलाई बरतने पर सीएचसी प्रशासन बेहद सख्त हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक ने काम में घोर लापरवाही और ढीला रवैया अपनाने के आरोप में पांच आशा कार्यकर्ताओं को सीधे चेतावनी पत्र (नोटिस) जारी कर दिया है। प्रशासन के इस कड़े रुख से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।

इन आशा कार्यकर्ताओं को मिला अल्टीमेटम

जारी नोटिस के मुताबिक, उपकेंद्र कटिया की माया देवी, रायपुर चिनहटपुर के भोगपुर की वीना देवी, दूदेमई की आशा देवी, सिवारा खास के नगला ख्मानी की अनीता सक्सेना और सिकंदरपुर तेहिया की संघवर्मा को लापरवाही का दोषी पाया गया है। इन सभी पर आरोप है कि ग्राम स्तर पर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के जरूरी काम में ये आशाएं बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रही हैं।

तीन दिन में सुधार नहीं तो होगी छुट्टी

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि कई बैठकों और निर्देशों के बावजूद काम में कोई प्रगति नहीं हुई। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि तीन दिन के भीतर आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति रिपोर्ट कार्यालय में जमा करें। अगर तय समय में काम पूरा कर रिपोर्ट नहीं सौंपी गई, तो बिना किसी ढील के सीधे सेवा समाप्ति (नौकरी से हटाने) की कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें